नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक समीर रिजवी रहे, जिन्होंने 51 गेंदों में 90 रन की विस्फोटक पारी खेली।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में चार विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज सात रन पर केएल राहुल (1) और नीतिश राणा (0) के विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल हालात में क्रीज पर आए समीर रिजवी ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत की राह पर लौटाया।
रिजवी ने पाथुम निसांका के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। निसांका ने 44 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके बाद रिजवी ने डेविड मिलर (नाबाद 21) के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़कर मैच लगभग दिल्ली की झोली में डाल दिया।रिजवी ने अपनी शानदार पारी में सात चौके और सात छक्के लगाए। उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और पूरे मैच के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन टीम को जीत के करीब पहुंचाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी में दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कोर्बिन बोश को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे दिल्ली के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं रहे।इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा ने 26 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की।नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा नमन धीर ने 28 रन का योगदान दिया।
हालांकि, मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिससे वह बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। अंतिम ओवरों में तेज रन बनाने की कोशिश में टीम दबाव में नजर आई और 162 रन तक ही सीमित रह गई।दिल्ली कैपिटल्स की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुकेश कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, टी. नटराजन और विपराज निगम को एक-एक सफलता मिली।दिल्ली के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा, जिससे मुंबई की रन गति पर अंकुश लगा रहा। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि मुंबई इंडियंस को हार से झटका लगा है।









