कार्स24 का ऑल-वीमेन कार हब बना दिल्ली एनसीआर का टॉप परफॉर्मर

कंपनी अब मुंबई और बेंगलुरु में भी महिला-नेतृत्व वाले ऑटोमोटिव हब शुरू करेगी

नई दिल्ली। कार्स24 ने घोषणा की है कि दिल्ली एनसीआर के साकेत में हाल ही में शुरू किया गया उसका ऑल-विमेन ऑटोमोटिव हब संचालन के पहले ही महीने में कंपनी के पूरे दिल्ली एनसीआर नेटवर्क में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला हब बन गया है।

डीएलएफ साउथ कोर्ट, साकेत में शुरू किया गया यह हब एक फुल-स्केल ऑपरेशनल पायलट के तौर पर तैयार किया गया था, जहां कार एडवाइजर, ऑपरेशंस मैनेजर और हब लीडरशिप सहित हर भूमिका पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही है। यह हब देशभर के अन्य सभी कार्स24 हब्स की तरह ही समान लक्ष्य, प्रदर्शन मानकों और जवाबदेही के तहत काम करता है।

अपने पहले ही महीने में साकेत हब ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में सबसे बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया। इस दौरान हब ने 100 से अधिक कारों की बिक्री की और 55 फीसदी फाइनेंसिंग पेनिट्रेशन हासिल किया।

इस उपलब्धि पर विक्रम चोपड़ा ने कहा, “दशकों से ऑटोमोटिव उद्योग मुख्य रूप से पुरुषों द्वारा बनाया और संचालित किया गया है। यह पहल हमारे लिए केवल बातचीत नहीं, बल्कि कार्रवाई के माध्यम से उस सोच को चुनौती देने का प्रयास थी। साकेत हब ने यह साबित कर दिया है कि क्षमता कभी बाधा नहीं थी, बल्कि अवसर था।”

कंपनी ने बताया कि इस प्रयोग का उद्देश्य यह समझना था कि जब महिलाएं बिक्री, फाइनेंसिंग, डिलीवरी और ऑपरेशंस सहित पूरे ऑटोमोटिव रिटेल अनुभव का नेतृत्व करती हैं, तब ग्राहक अनुभव और डीलरशिप की कार्यशैली में किस तरह बदलाव आता है।

कार्स24 के अनुसार, इसके परिणामों में ग्राहक जुड़ाव, भरोसे और समग्र खरीद अनुभव में स्पष्ट सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।

चोपड़ा ने आगे कहा, “इस हब में महिलाओं का चयन किसी कोटा को पूरा करने के लिए नहीं किया गया था। उन्हें इसलिए चुना गया क्योंकि वे उच्च प्रदर्शन वाले संचालन को सफलतापूर्वक चलाने में पूरी तरह सक्षम थीं। हमने केवल इतना बदला कि अब वे कार्यस्थल पर अपवाद नहीं, बल्कि सामान्य स्थिति बन गईं।”

कंपनी ने यह भी बताया कि इस पहल को संगठन के पुरुष नेताओं और टीमों का मजबूत समर्थन मिला, जिन्होंने प्रतिनिधित्व की कमी को पहचानने और इस मॉडल को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्तमान में कार्स24 में 6,800 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 951 महिलाएं हैं। कंपनी का कहना है कि साकेत पायलट महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को ऑटोमोटिव रिटेल और ऑपरेशंस में बढ़ाने की दिशा में एक दीर्घकालिक प्रयास का हिस्सा है।

दिल्ली एनसीआर हब की सफलता के बाद कार्स24 ने पुष्टि की है कि वह अब मुंबई और बेंगलुरु में भी महिला-नेतृत्व वाले हब मॉडल का विस्तार करेगी। कंपनी भविष्य में महिला मैकेनिक और सर्विस प्रोफेशनल्स को भी इस पहल में शामिल करने की संभावनाएं तलाश रही है।

चोपड़ा ने कहा, “वास्तविक सफलता उस दिन होगी जब महिलाओं द्वारा ऑटोमोटिव हब का नेतृत्व किया जाना कोई असाधारण बात नहीं, बल्कि सामान्य व्यवसायिक प्रक्रिया माना जाएगा।

कार्स24 ने ऑटोमोटिव रिटेल और ऑपरेशंस में करियर बनाने की इच्छुक महिलाओं को संपर्क करने के लिए आमंत्रित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *