वीनू मांकड़ अंडर-19 ट्रॉफी: उत्तराखंड के 323 रन के जवाब में 68 पर ढेर हुई असम
उत्तराखंड ने असम को 255 रन से हराया, जबकि सौराष्ट्र ने केरल को दो विकेट और मुंबई ने आंध्रा को 85 रन से शिकस्त दी।

रघुबीर शर्मा। लखनऊ
वीनू मांकड़ अंडर-19 ट्रॉफी वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को शहर के अलग-अलग मैदानों पर खेले गए मुकाबलों में मुंबई, सौराष्ट्र और उत्तराखंड की टीमों ने शानदार जीत दर्ज कर पूरे चार-चार अंक हासिल किए। उत्तराखंड ने असम को 255 रन से हराया, जबकि सौराष्ट्र ने केरल को दो विकेट और मुंबई ने आंध्रा को 85 रन से शिकस्त दी।
उत्तराखंड की जीत में आयुष-आदित्य का अर्धशतक: जीसीआरजी ग्राउंड पर उत्तराखंड अंडर-19 ने असम के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी असम की टीम उत्तराखंड की बल्लेबाजी पर अंकुश नहीं लगा सकी। उत्तराखंड ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 323 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आयुष देशवाल ने 78 और आदित्य नौटियाल ने 59 रन की शानदार पारियां खेलीं। असम से प्रिंस बोरा ने तीन विके लिए जबकि पृथ्वीराज कश्यप व शुभांकर शर्मा को दो-दो विकेट मिला। 324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की टीम उत्तराखंड के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 21.1 ओवर में महज 68 रन पर सिमट गई। असम से जूलियन कुंवर ने सर्वाधिक 41 रन बनाए जबकि सुभाष बिस्वास 35 व पृथ्वीराज कश्यप 28 रन बनाए। उत्तराखंड से आकाश कुमार ने 13 रन देकर चार विकेट झटके,जबकि शौर्य चौहान व लकी पराशर ने दो-दो विकेट चटकाए। उत्तराखंड ने 255 रन से जीत दर्ज कर चार अंक हासिल किए।
सौराष्ट्र ने केरल को दो विकेट से हराया : इकाना स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-डी के रोमांचक मुकाबले में सौराष्ट्र ने केरल को दो विकेट से हराकर चार अंक हासिल किए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केरल की टीम 50 ओवर में 240 रन बनाकर आॅलआउट हो गई। रोहित के. ने 70 और अमाय मनोज ने 38 रन बनाए। इसके अलावा थॉमस मैथ्यू ने 33, संगीत सागर ने 25 और इशान कुनाल ने 20 रन का योगदान दिया। सौराष्ट्र की ओर से वत्सल पटेल, अंजान तिवारी और जय रावलिया ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में सौराष्ट्र ने 48.4 ओवर में आठ विकेट पर 243 रन बनाकर जीत दर्ज की। आर्यंस अवसानी ने 72 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि वत्सल पटेल 45 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों की उपयोगी पारियों की बदौलत सौराष्ट्र ने रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से जीत हासिल की।
छह विकेट लेकर भी आंध्रा को नहीं जिता सके एम. तोषित यादव, मुंबई 85 रन से जीता :स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट ग्राउंड पर मुंबई अंडर-19 ने आंध्र प्रदेश को 85 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम 49.2 ओवर में 210 रन पर आॅलआउट हो गई। कार्तिक कुमार ने नाबाद 36 , शौर्य राय (34) और हर्ष गायकवाड ने 43 रन की पारी खेली। आंध्र प्रदेश की ओर से एम. तोषित यादव ने घातक गेंदबाजी करते छह विकेट चटकाए। जवाब में आंध्र प्रदेश की टीम मुंबई की सधी हुई गेंदबाजी के सामने 31.2 ओवर में 125 रन पर सिमट गई। मुंबई से कार्तिक कुमार, शौर्य राय, वेदांत बानने, आरी गायकवाड़ और अमार्त्य राजे ने दो-दो विकेट लिए। मुंबई ने 85 रन से जीत दर्ज कर पूरे चार अंक अपने नाम किए।



