पायनियर पब्लिक स्कूल एण्ड कालेज कालीथान बलरामपुर में रोबोटिक्स एवं ए0आई0 शो का आयोजन

बी पी त्रिपाठी ,बलरामपुर
बलरामपुर। 28 अक्टूबर, को नगर के अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पायनियर पब्लिक स्कूल एण्ड कॉलेज, कालीथान, बलरामपुर में रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शो का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबन्ध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, कोषाध्यक्षा श्रीमती मीता तिवारी, प्रबन्धक इं. आकाश तिवारी, निदेशक प्रकृति तिवारी, उप प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय एवं मुख्य समन्वयक सलिल सेठ सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथियों के रूप में डॉ. सद्गुरु प्रकाश, एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्राणि विज्ञान विभागाध्यक्ष, एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर तथा मंगलदेव मिश्रा, शिक्षक, मिश्रा प्राइमरी स्कूल, बलरामपुर के साथ आफरीन बानो एवं अपूर्वा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबन्ध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, प्रबन्धक इं. आकाश तिवारी, उप प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय एवं सम्मानित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात् फ्यूचर गुरुकुल से पधारे श्री आशीष गौतम ने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता तथा कार्यप्रणाली के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न आधुनिक रोबोटों एवं स्मार्ट उपकरणों की कार्यप्रणाली गतिविधियों के माध्यम से समझाई गई। इसमें आग बुझाने वाला रोबोट (Firefighting Robot), स्मार्ट डस्टबिन (Smart Dustbin), दुर्घटना से बचाव करने वाला रोबोट (Accident-Avoiding Robot) तथा आग से बचाव करने वाला रोबोट (Fire Prevention Robot) प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने जाना कि किस प्रकार इन आधुनिक तकनीकों का उपयोग आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता करने, स्वच्छता बनाए रखने, दुर्घटनाओं से बचाव करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में किया जा सकता है।
इस रोबोटिक्स एवं ए.आई. शो ने विद्यार्थियों में विज्ञान एवं तकनीक के प्रति उत्सुकता उत्पन्न की। विद्यार्थियों ने विभिन्न रोबोटों की कार्यप्रणाली को रुचिपूर्वक देखा तथा आधुनिक तकनीक के व्यावहारिक उपयोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता एवं समस्या समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय के प्रबन्ध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी के निर्देशन एवं विद्यालय प्रबन्धन के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अत्यंत उपयोगी रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ विज्ञान, नवाचार एवं डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोबोटिक्स तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न उपयोगों से परिचित कराना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित करना हैं।



