लिखित आश्वासन के बिना नहीं हटेंगे भाकरी गांव के ग्रामीण, कूड़ा डालने के विरोध में धरना जारी

सैनिक कॉलोनी और अचीवर सोसायटी के लोग भी आंदोलन में उतरे, नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग
कविता। फरीदाबाद
भाकरी गांव के निकट कूड़ा डाले जाने के विरोध में ग्रामीणों का धरना जारी है। अब सैनिक कॉलोनी और अचीवर सोसायटी के निवासी भी आंदोलन में शामिल हो गए हैं। टेंट लगाकर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक नगर निगम लिखित आश्वासन नहीं देता कि भविष्य में इस स्थान पर कूड़ा नहीं डाला जाएगा, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल मौखिक आश्वासन से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नगर निगम को पहले कूड़ा डालना बंद करना चाहिए और यदि कूड़ा निस्तारण के लिए कोई दूसरा उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं है तो वैकल्पिक जगह तलाशनी चाहिए। ग्रामीणों और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी बनी हुई है। शुक्रवार को पुलिस ने धरनास्थल पर लगा टेंट उखाड़ दिया था। इस दौरान पार्षद जगत सिंह फागना, देवेंद्र फागना सहित अन्य लोगों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया था।



