लगातार बैठकें और गतिविधियां भारत को तैयार रहने में कर रहीं मदद: सैमसन
भारत बृहस्पतिवार को यहां सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा।

निशिन (जापान)। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को यहां कहा कि जापान में लगातार हो रही बारिश के कारण भारत को अहम ट्रेनिंग और प्रतियोगिता के समय से वंचित होना पड़ा है, लेकिन लगातार बैठकों और टीम की गतिविधियों ने खिलाड़ियों को पूरी तरह तैयार और सक्रिय बनाए रखा है। भारतीय टीम पिछले 10 दिन से जापान में है लेकिन उसने 22 सितंबर को जापान के खिलाफ केवल पांच-पांच ओवर का मैच खेला है। तीन बार की टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम का पहला ट्रेनिंग सत्र बुधवार को होना है। इससे पहले एशियाई खेलों में भारत का शुरुआती मैच (अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टरफाइनल) बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
अब भारत बृहस्पतिवार को यहां सेमीफाइनल में श्रीलंका से भिड़ेगा। सैमसन ने जब पूछा गया कि क्या मौसम ने टीम की लय को बाधित किया है तो उन्होंने कहा,हमने मैदान के बाहर कुछ अच्छा समय बिताया है। हम कुछ टीम गतिविधियां कर रहे हैं। हम कुछ अभ्यास करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन मौसम के कारण यह नहीं हो पाया।
लेकिन हम जिम में ट्रेनिंग और कंडीशनिंग कर रहे थे। उन्होंने कहा,हम एक-दूसरे के साथ समय बिता रहे थे। हम क्रिकेट और संयोजनों के बारे में बात कर रहे थे। जब जरूरी हुआ तो हम खिलाड़ियों को तैयार और सक्रिय रखने के लिए लगातार बैठकें कर रहे थे। सैमसन ने श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल की पूर्व संध्या पर कहा,यह ऐसा समय है जब हमें थोड़ा अधिक सक्रिय रहने की जरूरत है कि हमें 'स्विच आनद्ध होकर अचानक एक बड़ा सेमीफाइनल खेलना है। हम सभी यह जानते हैं। गनीमत है कि आज अभ्यास करने के लिए हमें तेज धूप वाला दिन मिला है। सैमसन ने कहा कि मौसम के कारण ज्यादातर समय घर के अंदर रहने से खिलाड़ी मैदान पर उतरने के लिए बेचैन हैं। उन्होंने कहा,कल हम जिम में बातचीत कर रहे थे। जब टीम जिम सत्र में होती है तो हम कह रहे होते हैं कि हमें बाहर निकलकर क्रिकेट का कोई मैच खेलना है। हम सभी क्रिकेट मैच खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं।



