एमएलसी वोटर लिस्ट में बड़ा कारनामा, 116 साल का मतदाता
जन्मतिथि लिखी 19-02-1910, क्या आजादी से पहले ही बना दिया वोट?, सिस्टम फेल, कंप्यूटर ने बना दिया शतकवीर मतदाता - 1910 वाले 'शिवम' की पर्ची ने उड़ाए अफसरों के होश

लखीमपुर-खीरी। लखनऊ खण्ड स्रातक निर्वाचन 2026 में निर्वाचन कार्यालय की बड़ी लापरवाही और बड़ा कारनामा सामने आया है। शास्त्री नगर, लखीमपुर निवासी मतदाता शिवम गुप्ता की मतदाता पर्ची में जन्मतिथि 19 फरवरी 1910 दर्ज है। इस हिसाब से मतदाता की उम्र 116 साल बनती है! सिस्टम फेल होने का ये नमूना अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सवाल यह है कि जब देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ, तो क्या अंग्रेजों के राज में ही 1910 में इनका वोटर कार्ड बना दिया गया था?
वायरल हो रही मतदाता पर्ची पर स्पष्ट रूप से अंकित है -मतदाता पर्ची लखनऊ खण्ड स्रातक निर्वाचन 2026, मतदान दिनांक 23.10.2026 शुक्रवार, समय सुबह 08:00 से शाम 04:00 बजे तक। भाग संख्या 32, क्रम संख्या 582, मतदान स्थल संख्या व नाम 32- कार्यालय विकास खण्ड लखीमपुर। मतदाता का नाम शिवम गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता, पता शास्त्री नगर लखीमपुर, लिंग पुरुष, जन्मतिथि 19-02-1910।गौरतलब हो कि स्रातक निर्वाचन में पढ़े-लिखे मतदाताओं को ही शामिल किया जाता है, लेकिन कंप्यूटर ने जिस तरह 1910 के 'शिवम' को शतकवीर मतदाता बना दिया, उसने पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। पर्ची वायरल होते ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और अफसरों के होश उड़ गए हैं।
स्थानीय जागरूक मतदाताओं का कहना है कि यदि 116 वर्षीय व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल किया गया है, तो कहीं यह आंकड़ों की हेराफेरी तो नहीं? या फिर यह महज टाइपिंग मिस्टेक है? लोगों ने जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि मतदाता सूची का तत्काल भौतिक सत्यापन कराकर इस त्रुटि को सुधारा जाए, ताकि चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।



