बच्चों के बीच पहुंचे डीएम, खुद पढ़ाया और गणित के सवाल पूछकर परखी पढ़ाई

अपर रोड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में औचक निरीक्षण, बच्चों के सही जवाब पर बढ़ाया उत्साह
जर्जर भवन की जगह नया स्कूल बनाने की तैयारी, खेल मैदान की जरूरत पर भी जोर
हरिद्वार। कक्षा में पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बच्चों से पाठ्यक्रम के सवाल पूछे और गणित के प्रश्नों के जरिए उनकी पढ़ाई का स्तर परखा। बच्चों ने सवालों के सही जवाब दिए तो डीएम ने उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाया भी और शिक्षिकाओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा देने पर जोर दिया। मौका था अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण का। गुरुवार को विद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे और गणित के सवाल हल करने को दिए। विद्यार्थियों के सही जवाब देने पर उन्होंने बच्चों की सराहना की। उन्होंने शिक्षिकाओं से कहा कि बच्चों को इस तरह पढ़ाया जाए कि वे किताबों में सीखी बातों को अपने दैनिक जीवन में भी इस्तेमाल कर सकें।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के पुराने भवन की स्थिति भी सामने आई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं। इससे उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




