दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार तीन लोगों की मौत

हरिद्वार जा रहे यात्रियों की ट्रक की चपेट में आने से गई जान

पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लिया

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर छपार थाना क्षेत्र के सिसौना गांव के निकट शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार की ओर जा रही मोटरसाइकिल ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग मुजफ्फरनगर से हरिद्वार की ओर जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक के पीछे एक बैग बंधा हुआ था। ओवरटेक करते समय बैग ट्रक से टकरा गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही छपार थाना प्रभारी मोहित कुमार, सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।

मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान हरियाणा के सोनीपत जनपद के रामपुर निवासी संदीप के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों, जिनमें एक बालक भी शामिल है, की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग मोटरसाइकिल से हरिद्वार जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Chief Sub-editor Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *