प्रेमी से बात करते वक्त ओवरब्रिज से छलांग लगाकर कूदी युवती, मौत

पायनियर समाचार सेवा

लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक 22 वर्षीय युवती ने ओवरब्रिज से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार तड़के सुबह ओवरब्रिज के पास से गुजर रहे राहगीरों ने युवती का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में युवती की पहचान कसाईबाड़ा निवासी शिल्पी गौतम (22) के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और आसपास के लोगों से पूछताछ की, हालांकि घटना के वक्त किसी ने युवती को कूदते नहीं देखा।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिल्पी अपने प्रेमी से जल्द शादी करने की जिद कर रही थी। इस बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से कुछ समय पहले शिल्पी की अपने प्रेमी से फोन पर बातचीत हुई थी। जिसके बाद वह घर से निकली और ओवरब्रिज से छलांग लगा दी। परिजनों का आरोप है कि फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, शिल्पी के पिता राम किशन गौतम मजदूरी करते हैं। परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। शिल्पी और उसकी बहन लक्ष्मी किराए के मकान में रहती थीं।

शिल्पी ने इंटर तक पढ़ाई की थी और कुछ समय पहले तक ब्यूटी पार्लर में काम कर रही थी। तीन महीने पहले पार्लर की नौकरी छोड़कर घर बैठी थी। परिजनों ने बताया कि शिल्पी की सगाई आगामी नवरात्र में और शादी फरवरी में तय की गई थी, लेकिन वह इसी साल शादी की जिद पर अड़ी थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण पिता ने इस साल शादी न कराने का फैसला किया था। इसी बात को लेकर घर में लगातार तनाव बना हुआ था। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानन्द मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और प्रेमी से बातचीत के ब्योरे सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Crime Reporter Pioneer Hindi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *