बंधवाड़ी कचरा प्लांट का दौरा कर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दिए सख्त निर्देश, एक साल में साइट साफ करने का लक्ष्य

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार देर शाम गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी कचरा निस्तारण प्लांट का दौरा कर वहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कचरा निस्तारण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे प्लांट क्षेत्र को साफ करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बंधवाड़ी वेस्ट साइट को अगले एक वर्ष के भीतर पूरी तरह साफ करना सरकार की प्राथमिकता है।

दौरे के दौरान मनोहर लाल ने प्लांट में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से प्रतिदिन होने वाले कार्य की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बंधवाड़ी साइट पर रोजाना होने वाले कचरा निस्तारण कार्य की रिपोर्ट हर 24 घंटे में उन्हें भेजी जाए, ताकि कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा सके और किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

वर्तमान में बंधवाड़ी प्लांट पर दो एजेंसियां कचरा निस्तारण का कार्य कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को एजेंसियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की गति बढ़ाई जाए, ताकि लंबे समय से जमा कचरे का जल्द निपटान हो सके। उन्होंने कहा कि इस काम में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

Also Read- बकरीद से पहले बिजली कटौती पर बवाल, गोगवान गांव में जेई से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल

मनोहर लाल ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि फ्रेश वेस्ट यानी रोजाना आने वाले नए कचरे के निस्तारण के लिए अलग स्थान की पहचान की जाए। उनका कहना था कि पुराने कचरे के निस्तारण का काम तभी तेजी से आगे बढ़ सकेगा, जब नए कचरे को अलग तरीके से प्रबंधित किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुरुग्राम और फरीदाबाद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने कहा कि स्वच्छता नगर निगमों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लागू किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की है और सरकार देश के 50 शहरों को मॉडल क्लीन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। मनोहर लाल ने कहा कि शहर देश की पहचान होते हैं और विदेश से आने वाले लोग सबसे पहले शहरों की स्वच्छता और व्यवस्था को देखते हैं।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बंधवाड़ी वेस्ट साइट की नियमित ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से साइट पर चल रहे कार्यों की पारदर्शी निगरानी संभव हो सकेगी। ड्रोन सर्वे से कचरा निस्तारण कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों पर नजर रखी जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। मनोहर लाल ने सुझाव दिया कि शहर के सभी वार्डों को सात हिस्सों में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी अतिरिक्त निगमायुक्त और संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाए, ताकि जवाबदेही तय हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान को मिशन मोड में लागू किया जाए और नागरिकों को साफ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कार्य में किसी प्रकार की बाधा आती है तो सरकार स्तर पर उसका समाधान तुरंत किया जाएगा।

दिल्ली | लखनऊ | रायपुर
आधिकारिक हिंदी समाचार सेवा”
“हर दिन नया मुद्दा, नई सोच और निष्पक्ष खबरों के साथ,
The Hindi Pioneer — सच के साथ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *