संपूर्ण समाधान दिवस में 152 शिकायतें आईं, 22 का मौके पर निस्तारण

जर्जर सड़क, जलभराव और कूड़ा उठान की समस्या उठी, फरियादियों ने अधिकारियों से लगाई गुहार
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। मलिहाबाद तहसील सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और जल्द समाधान की मांग की। सहिलामऊ निवासी कामिल ने गांव में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से नहीं आने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि कूड़ा उठान की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण सड़कों और खाली स्थानों पर कचरा फेंकने को मजबूर हैं। इससे गांव में गंदगी फैलने के साथ दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई है। वहींसामाजिक कार्यकर्ता यूसुफ खान ने नगर पंचायत क्षेत्र में जर्जर सड़कों, जलभराव और खुले नालों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बशारत तरफदार क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए करीब 16 बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसके अलावा केवलहार और बजरिया में जलभराव की समस्या के साथ कब्रिस्तान में साफ-सफाई और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। फरियादियों ने संबंधित समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने की मांग की। इस मौके पर उपजिलाधिकारी अपराजिता आर्यन, तहसीलदार नितिन सिंह, एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी सर्जना शुक्ला समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



