शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर अधिकारियों ने परखीं व्यवस्थाएं

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 की 27 अक्टूबर को प्रस्तावित मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने संजय गांधी कम्युनिटी हॉल स्थित पार्टी प्रस्थान, रिसीविंग और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही निर्वाचन ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध और पुलिस अधीक्षक यातायात सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद रखने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के बाद मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। सभी को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता, निष्पक्षता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा गया।
मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को नियमानुसार प्रवेश देने और प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने और यातायात सुचारु रखने पर जोर दिया। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए। मतगणना पूरी होने तक प्रभावी निगरानी बनाए रखने और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।



