सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों का महापौर ने किया निरीक्षण

- गोल मार्केट से मंदिर मार्ग कपूरथला तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
पायनियर समाचार सेवालखनऊ। शहर में सड़क निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए संचालित सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों का महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गोल मार्केट से मंदिर मार्ग, कपूरथला जाने वाले मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद महापौर ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ जनगणना कार्यालय वाली सड़क पर सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मार्ग पर निर्माण कार्य लगभग पूरा होने के कगार पर है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और तय समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा एवं अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



