सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां

पायनियर संवाददाता।सोनभद्र/बीजपुर
एनटीपीसी रिहंदनगर स्टेशन के आवासीय परिसर में स्थित रिहंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर के बगल में बने पूजा पंडाल में नवरात्रि पर्व के दौरान भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित परियोजना प्रमुख कार्यकारी निदेशक संजय असाटी एवं सह अतिथि वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक हेमेश कुमार वार्ष्णेय ने अन्य सह अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके परंपरागत ढंग से किया।इसके पूर्व आगंतुक अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर उन सभी को सम्मानित किया गया।सांस्कृतिक संध्या में नवोदय मिशन एवं वेलफेयर से जुड़े विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। त्रिवेणी क्लब के बाल कलाकारों ने आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। वहीं, डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने माता रानी के भजन पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बना दिया। केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने ऊर्जापूर्ण डांडिया नृत्य से समां बांध दिया, जबकि सेंट जोसेफ की छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कल्याण केंद्र परिवार से जुड़ी महिलाओं ने भी आकर्षक डांडिया नृत्य के माध्यम से माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति व्यक्त की।कार्यक्रम में एनटीपीसी कर्मचारी अज्ञात मिश्रा ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय आवाज से भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को झूमने और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वर्तिका महिला मंडल की उपाध्यक्षा कीर्ति वार्ष्णेय, पूजा समिति के अध्यक्ष एन एस कोरंगा एवं महासचिव विजेंद्र कुमार मीना, मानव संसाधन प्रमुख राजेश बोइपाई के साथ-साथ पूजा समिति व मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।



