पिज्जा कैफे में बहन के प्रेमी को घेरा, लात-घूंसों से पीटा, बाइक भी तोड़ी

-सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस, दोनों आरोपी गिरफ्तार कर भेजे जेल
मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र में बहन के साथ पिज्जा कैफे पहुंचे युवक को उसके प्रेमिका के भाई और ममेरे भाई ने घेरकर पीट दिया। दोनों ने युवक के साथ मारपीट करने के साथ उसकी बाइक में भी तोड़फोड़ की। मारपीट की पूरी वारदात कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मीरापुर थाना क्षेत्र स्थित एक पिज्जा कैफे में गोविंद नाम का युवक एक युवती के साथ पहुंचा था। इसी दौरान युवती का भाई सोनू अपने ममेरे भाई अतुल के साथ वहां पहुंच गया। दोनों ने गोविंद को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों आरोपियों ने युवक की बाइक में भी तोड़फोड़ की। कैफे के पास अचानक हुई मारपीट से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। बाद में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू और अतुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मारपीट में घायल गोविंद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



