नशे के खिलाफ जंग का संदेश लेकर निकली उत्तराखंड पुलिस की रैली, मुजफ्फरनगर में हुआ स्वागत
-राष्ट्रीय एकता दिवस के मद्देनजर दिल्ली जा रहे बाइक राइडर्स का पुरकाजी बॉर्डर पर हुआ सम्मान

विनीत शर्मा
मुजफ्फरनगर। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस की ओर से निकाली जा रही मोटरसाइकिल रैली का पुरकाजी स्थित उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड बॉर्डर पर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस के दृष्टिगत दिल्ली तक निकाली जा रही इस रैली में शामिल बाइक राइडर्स और उनकी सपोर्ट टीम का मुजफ्फरनगर पुलिस ने सम्मान किया। इस दौरान रैली के सुरक्षित और सुचारु आवागमन के लिए सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं।
उत्तराखंड पुलिस के राइडर्स नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से दिल्ली की ओर रवाना हुए हैं। रैली के मुजफ्फरनगर पहुंचने पर पुरकाजी बॉर्डर पर क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार ने राइडर्स और सपोर्ट टीम का स्वागत किया। पुलिस अधिकारियों ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का कुशलक्षेम जाना और फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया। रैली के सुरक्षित, निर्विघ्न और निर्धारित समय पर आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा और समन्वय संबंधी प्रबंध किए गए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल वाहन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा रैली में शामिल प्रतिभागियों के लिए जलपान का इंतजाम भी किया गया, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस की ओर से जरूरत पड़ने पर चिकित्सा, तकनीकी और अन्य आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए। मुजफ्फरनगर पुलिस ने रैली के सुचारु संचालन में सहयोग देकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की इस पहल में सहभागिता की। रैली का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।



