नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो मामलों में तीन तस्कर गिरफ्तार

-बुढ़ाना में 65.970 किलो और खतौली में 2.040 किलो गांजा बरामद, कुल बरामदगी 67 किलो से अधिक, पुलिस ने आंकी गांजे की कीमत करीब 31.10 लाख रुपये
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस ने बुढ़ाना और खतौली में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 67 किलो 970 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की कुल कीमत करीब 31 लाख 10 हजार रुपये है। बुढ़ाना में पुलिस ने कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया, जबकि खतौली में चेकिंग के दौरान एक आरोपी को 2.040 किलो गांजे के साथ पकड़ा गया।
बुढ़ाना पुलिस खतौली-बुढ़ाना मार्ग पर बसी गेट के निकट संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक वर्ना कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 65 किलो 970 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह के साथ मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र जितेंद्र निवासी गांव सुन्ना, थाना कांधला और प्रेम सिंह पुत्र श्यौनाथ सिंह निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुरादाबाद की एक महिला से गांजा खरीदकर आगे बेचते थे। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की आपूर्ति के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उधर, खतौली पुलिस ने भी ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2 किलो 40 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 10:02 बजे मोहल्ला साद्दीकनगर में कनस्तर फैक्ट्री वाली गली के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। उसकी पहचान दीप उर्फ शेरू पुत्र विजेंद्र निवासी मोहल्ला देवीदास, खतौली, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। बरामद गांजे की कीमत करीब एक लाख दस हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खतौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।



