मास्टर चाबी से बाइक चोरी कर उत्तराखंड में बेचते थे, 14 मोटरसाइकिलों के साथ तीन गिरफ्तार

दिल्ली, हरियाणा और यूपी में करते थे वारदात, बंद पड़े भट्ठे से बरामद हुईं 13 बाइक; गिरोह का एक सदस्य फरार
सन्नी गर्ग। शामली
झिंझाना थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य मास्टर चाबी से बाइक के लॉक खोलकर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को उत्तराखंड में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। गिरोह का एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को ऊन-थानाभवन मार्ग पर संत निरंकारी आश्रम के सामने चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोका गया। उनकी पहचान कांधला के मोहल्ला खेल निवासी इंतजार, झिंझाना क्षेत्र के खानपुर कलां निवासी रामसेवक उर्फ बबलू और पावटी कलां निवासी इरफान के रूप में हुई। जांच में उनके पास मिली हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल कांधला क्षेत्र से चोरी की निकली।
- बंद पड़े भट्ठे से मिलीं 13 मोटरसाइकिलें
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर ऊन-थानाभवन मार्ग स्थित एक बंद पड़े भट्ठे से 13 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल 14 बाइक बरामद हुईं। इनमें स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, प्लेटिना, हीरो पैशन, बजाज पल्सर और हीरो होंडा हंक शामिल हैं। कुछ मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
- बरामद मोटरसाइकिलों के नंबर
पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में नौ पर पंजीकरण नंबर दर्ज मिले, जबकि पांच बिना नंबर प्लेट की थीं। दर्ज नंबरों में एचआर 26 ए वाई 0890, यूपी 12 आर 4469, यूपी 19 एफ 3579, यूपी 19 पी 5110, यूपी 15 ए जेड 9699, यूपी 11 सी एम 2515, यूपी 19 एच 0409, यूपी 12 एम 3116 और यूपी 19 एन 0683 शामिल हैं। इनमें यूपी 19 एन 0683 नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस कांधला क्षेत्र से चोरी हुई थी। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
- मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आपस में मिलकर वाहन चोरी की योजना बनाते थे। मास्टर चाबी से दोपहिया वाहनों के लॉक खोलकर उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी की बाइक अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी जाती थीं और बाद में बिक्री के लिए एक जगह एकत्र की जाती थीं। गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलें उत्तराखंड में बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
- रामसेवक पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, रामसेवक उर्फ बबलू के खिलाफ चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इंतजार और इरफान के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
- मुर्सलीन उर्फ बटे की तलाश में दबिश
पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक अन्य आरोपी मुर्सलीन उर्फ बटे मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में झिंझाना थाना प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र कसाना, ऊन चौकी प्रभारी राहुल देशवाल, मुख्य आरक्षी राहुल अहलावत, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार और आरक्षी सत्यप्रकाश शामिल रहे।





