‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत 695 बच्चों को मिलेंगे चश्मे

पायनियर संवाददाता। बाराबंकी
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, संस्थागत प्रसव, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद में संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि दस्तक अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से संचालित ‘हँसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। अभियान के अंतर्गत 21 जुलाई से 20 अगस्त तक चिन्हित कुल 695 बच्चों को चश्मे उपलब्ध कराने के लिए इस चरण की शुरुआत की गई। विजय लक्ष्मी हॉस्पिटल के डॉ. विवेक वर्मा द्वारा सीएसआर के माध्यम से 499 बच्चों तथा श्री कुशल अग्रवाल द्वारा 196 बच्चों के लिए चश्मे उपलब्ध कराए गए हैं।



