हरिद्वार ग्रामीण में सिडकुल स्थापना का मुद्दा फिर उठा

विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, घोषणा में शामिल करने की मांग
जमीन नहीं मिलने से अटकी है परियोजना
गौरव कुमार। हरिद्वार
भाजपा सरकार के अंतिम विधानसभा सत्र में हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में सिडकुल की स्थापना का मुद्दा फिर उठा है। कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और सिडकुल स्थापना को मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने की मांग की। हालांकि, लालढांग में सिडकुल स्थापना की पूर्व घोषणा के बाद सर्वे के दौरान जमीन नहीं मिल पाने से परियोजना की राह में अड़चन बनी हुई है।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने विशेष रूप से लालढांग क्षेत्र की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण यहां के लोगों को आजीविका के लिए दैनिक मजदूरी पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में औद्योगिक विकास की आवश्यकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि हरिद्वार ग्रामीण की जरूरत को देखते हुए सिडकुल स्थापना की दिशा में ठोस पहल की जाए। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार मिल सकेगा और लोगों को आजीविका के लिए दूसरे क्षेत्रों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।



