दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 14 वर्षीय ओवैस की मौत, तीन गंभीर

सन्नी गर्ग
-दूध लेने जा रहा था किशोर, मुजफ्फरनगर के जोगियाखेड़ा के पास हुआ हादसा, गंभीर घायलों को मेरठ किया रेफर
शामली। कांधला के मोहल्ला शेखजादगान निवासी 14 वर्षीय किशोर ओवैस की शनिवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मुजफ्फरनगर जिले में बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर जोगियाखेड़ा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान ओवैस ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, ओवैस शनिवार रात अपने एक साथी के साथ बाइक से दूध लेने जोगियाखेड़ा गांव जा रहा था। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान ओवैस की मौत हो गई।
ओवैस के चाचा नौशाद मलिक ने बताया कि उसके पिता इरशाद दूध बेचने का काम करते हैं। परिवार में ओवैस के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे में मोबिन पुत्र हसीन और सुफियान पुत्र फुरकान समेत तीन युवक घायल हुए हैं। उनका उपचार चल रहा है। ओवैस की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। किशोर के शव को दफना दिया गया है।



