डीएम ने विधान परिषद निर्वाचन के दृष्टिगत राजकीय इण्टर कालेज का किया निरीक्षण
लखनऊ खण्ड स्रातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान तैयारियों का लिया जायजा

रायबरेली। जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्रातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन को जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों की रवानगी, पोलिंग पार्टियों के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं व निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदान कार्मिकों की रवानगी के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं व संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत लखनऊ खण्ड स्रातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए जनपद रायबरेली में 23 को मतदान सम्पन्न कराया जाएगा। मतदान के लिए निर्धारित पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को राजकीय इंटर कॉलेज से रवाना की जाएंगी।



