मुख्यमंत्री योगी ने किया होटल ताज पैलेस लखनऊ का उद्घाटन, बोले- यूपी ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ और ‘हार्टलैंड ऑफ इंडिया’

लखनऊ, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में होटल ताज पैलेस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन, निवेश, रोजगार और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक विकास से जोड़कर यूपी को देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ वाला प्रदेश है और इसे ‘हार्टलैंड ऑफ इंडिया’ के रूप में अपनी पहचान मजबूत करनी है। युवाओं को अधिक से अधिक अवसरों से जोड़ने के साथ उनकी स्किलिंग को विकास की गति से जोड़ना जरूरी है। स्केल और स्किलिंग के बेहतर समन्वय से उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी भूमिका और मजबूत करेगा।

2025 में यूपी आए 156 करोड़ पर्यटक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में देश में तीसरे स्थान पर था, जबकि वर्ष 2025 में प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ। प्रयागराज, काशी, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या बेहतर कानून-व्यवस्था, विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को लेकर सरकार की नई दृष्टि का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास के साथ विरासत को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया है। उत्तर प्रदेश इसी भावना के अनुरूप अपनी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, का, प्रयागराज सहित अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र उत्तर प्रदेश में हैं। भगवान बुद्ध से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल और जैन तीर्थंकरों की जन्मभूमि भी प्रदेश की पहचान का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ अपनी संस्कृति, विरासत और खान-पान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। यूनेस्को द्वारा लखनऊ को ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ की मान्यता मिलना यहां की समृद्ध पाक परंपरा की वैश्विक पहचान है। उन्होंने होटल ताज पैलेस के संचालकों से आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय खान-पान और परंपराओं को भी प्रमुखता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन, बाटी-चोखा, सत्तू और मिलेट आधारित भोजन होटल के मेन्यू का हिस्सा बनाए जा सकते हैं।
181 रूम और 10 हजार वर्ग फुट का बैंक्वेट हॉल
मुख्यमंत्री ने बताया कि ताज पैलेस लखनऊ में 181 रूम एवं सुइट्स, भव्य प्रेसिडेंशियल सुइट और करीब 10,000 वर्ग फुट का पिलरलेस बैंक्वेट हॉल उपलब्ध है। इससे लखनऊ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस, प्रदर्शनियों और बड़े आयोजनों के लिए बेहतर गंतव्य के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
करीब 600 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बड़े होटल केवल किसी व्यक्ति या संस्था का निवेश नहीं होते, बल्कि वे पूरे आर्थिक और रोजगार इको-सिस्टम को प्रभावित करते हैं। ताज पैलेस लखनऊ से करीब 600 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि सैकड़ों अन्य लोग इसकी सप्लाई चेन से अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ेंगे।
होटल राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, व्यावसायिक आयोजनों, मांगलिक कार्यक्रमों और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भी महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा।

यूपी में बढ़ रही हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज 12 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ बेहतर एयर कनेक्टिविटी विकसित कर चुका है। देश के एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की लगभग 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कई शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण प्रदेश निवेश और पर्यटन के लिए तेजी से पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।
उन्होंने ताज ग्रुप से प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी होटल श्रृंखला के विस्तार का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शहरों में उच्च गुणवत्ता वाली हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
यूपी को 2029-30 तक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश से करीब दो लाख करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है। इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिले हैं। प्रदेश सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले करीब नौ वर्षों में ‘बॉटम-थ्री से टॉप-थ्री’ तक की यात्रा पूरी की है। प्रदेश की अपार संभावनाओं को साकार करने के लिए बड़े लक्ष्य और बड़ी सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने होटल ताज पैलेस के संचालकों से ‘थिंक बिग, थिंक यूपी’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और पर्यटन को आगे बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



