बिंद परिवार एनसीआर की बैठक 25 अक्टूबर को
शिक्षा, सशक्तीकरण और रोजगार को बढ़ावा देने पर होगा जोर

पायनियर । चन्दौली
बिंद परिवार एनसीआर की ओर से आगामी 25 अक्टूबर रविवार को दिल्ली में एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में भदोही के सांसद डॉ. विनोद बिंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य समाज में आपसी एकता, भाईचारा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के साथ शिक्षा, युवा सशक्तीकरण तथा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
सांसद डॉ बिंद ने बताया कि यह बैठक केवल सामाजिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज के विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य को लेकर विचार-विमर्श का मंच बनेगी। इसमें समाज के लोगों के बीच आपसी संवाद बढ़ाने, अनुभव साझा करने और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहयोग करने की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में शिक्षा, सशक्तीकरण और रोजगार को समाज की प्रगति के प्रमुख आधार के रूप में आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। इसके तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा रोजगार एवं करियर से जुड़ी संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर रहेगा। उनका मानना है कि शिक्षित और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। समाज के परिवारों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग से युवाओं को नई दिशा देने के साथ ही सामाजिक विकास को भी गति मिल सकती है। बिंद परिवार एनसीआर की यह पहल समाज को एकजुट करने, आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और एक शिक्षित, सशक्त तथा प्रगतिशील समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।



